spot_img
spot_img
HomeUttarakhandकुंभ-2027 की तैयारियों को स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती, हरिद्वार के दो चिकित्सालयों...

कुंभ-2027 की तैयारियों को स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती, हरिद्वार के दो चिकित्सालयों को मिले आधुनिक उपकरण

देहरादून। आगामी कुंभ मेला-2027 के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने हरिद्वार में चिकित्सा व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय परिसर से हरिद्वार के मेला चिकित्सालय एवं भूपतवाला चिकित्सालय के लिए आधुनिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य उपकरणों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये उपकरण कृषि उद्योग विकास परिषद की ओर से कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेला-2027 में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधाओं का ध्यान रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। कुंभ के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को समय पर बेहतर उपचार मिल सके।

उन्होंने कहा कि कुंभ क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के साथ आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना भी जरूरी है। मेला चिकित्सालय और भूपतवाला चिकित्सालय के लिए भेजे जा रहे उपकरण आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के साथ ही मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायक होंगे।

मुख्यमंत्री ने कृषि उद्योग विकास परिषद की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कुंभ जैसे विशाल धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने में सामाजिक संस्थाओं और विभिन्न संगठनों की सहभागिता महत्वपूर्ण है। सामूहिक प्रयासों से श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं विकसित की जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कुंभ मेला-2027 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Latest Post

Most Popular