देहरादून। उत्तराखंड में अर्नब साइक्लोन का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश, बर्फबारी, ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। मौसम की स्थिति को देखते हुए विभाग ने ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत जिलों में अनेक स्थानों पर, जबकि प्रदेश के शेष जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। 3200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।
नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है। इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी गरज के साथ बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
देहरादून में भी बारिश और तेज हवाओं के आसार
राजधानी देहरादून में आसमान आंशिक से लेकर आमतौर पर बादलों से घिरा रह सकता है। कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा न करने की अपील की है। आकाशीय बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे शरण न लेने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। काश्तकारों को भी अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने को कहा गया है।
गौरतलब है कि बीते रोज प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के चलते ठंड में इजाफा हुआ है। आने वाले मौसम को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।



