कृषि विज्ञान केंद्र धौरा का 27वां स्थापना दिवस, मिलेट प्रसंस्करण इकाई का भूमि पूजन
जनपद उन्नाव स्थित वीरेंद्र कुमार सिंह कृषि विज्ञान केंद्र, धौरा में आज 27वें स्थापना दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मिलेट (श्रीअन्न) प्रसंस्करण इकाई का भूमि पूजन किया गया। साथ ही कृषक प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टालों का अवलोकन कर कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों एवं आधुनिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त की गई।
कार्यक्रम के दौरान कृषक गोष्ठी का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन सत्र का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर ‘पृथ्वी’ पत्रिका का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित किसानों से संवाद करते हुए उन्हें आधुनिक, विविधीकृत एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा कृषि विज्ञान केंद्र
इस अवसर पर कहा गया कि कृषि विज्ञान केंद्र किसानों तक कृषि की नवीनतम तकनीकों, उन्नत कृषि पद्धतियों एवं वैज्ञानिक अनुसंधानों को प्रशिक्षण और प्रदर्शन के माध्यम से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। विशेष रूप से जनपद उन्नाव की ऊसर भूमि के सुधार, कृषि प्रसार एवं कृषि विविधीकरण को बढ़ावा देने की दिशा में केंद्र द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।
कृषि को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाने के लिए किसानों को वैज्ञानिक तकनीकों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। कृषि विज्ञान केंद्र इस दिशा में किसानों और कृषि वैज्ञानिकों के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य कर रहा है।
मिलेट प्रसंस्करण इकाई से किसानों को मिलेंगे नए अवसर
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण मिलेट (श्रीअन्न) प्रसंस्करण इकाई का भूमि पूजन रहा। इस इकाई की स्थापना से श्रीअन्न के प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन एवं विपणन को बढ़ावा मिलेगा। इससे किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त करने के साथ ही आय के नए अवसर उपलब्ध होंगे। साथ ही मोटे अनाज की खेती और उसके उपयोग को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही उपस्थिति
समारोह में माननीय सांसद श्री देवेंद्र सिंह भोले, माननीय विधायक श्रीकांत कटियार, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्री श्याम बिहारी गुप्ता, कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष डॉ. रंजय कुमार सिंह, निदेशक भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद श्री राघवेंद्र सिंह, कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष श्री मोहित सिंह, संस्थापक एवं अध्यक्ष कृषि विज्ञान केंद्र श्री रमेश कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती कृतिराज, सेवानिवृत्त आईएएस श्री सुरेश चंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान भाई एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को कृषि में नवाचार, वैज्ञानिक तकनीकों, श्रीअन्न उत्पादन एवं कृषि विविधीकरण को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी और आत्मनिर्भर बनाने का संदेश दिया गया।



