चारपाई पर अस्पताल जाते हैं मरीज, सड़क के इंतजार में गुजर रही जिंदगी..
रिपोर्ट : तारकेश्वर दूबे
खड्डा,कुशीनगर।।आजादी के 80 साल बीत गए, गांवों की तस्वीर बदलने के दावे हुए, लेकिन नेबुआ नौरंगिया विकासखंड के सिरसिया कला ग्रामसभा स्थित हर्दी छपरा टोले के लोगों की जिंदगी आज भी सड़क के इंतजार में अटकी है। करीब 30 घरों की आबादी वाले इस टोले में पक्की सड़क नहीं होने से ग्रामीणों का हर दिन परेशानी और जोखिम के बीच गुजरता है। नहर की कच्ची पटरी ही आने-जाने का सहारा है।
दर्द तब बढ़ जाता है, जब घर में गूंजती है प्रसव पीड़ा की चीख। गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए स्वजन पहले चारपाई या ट्रैक्टर की व्यवस्था करते हैं। करीब एक किलोमीटर तक कच्चे और बदहाल रास्ते से जूझते हुए मुख्य सड़क तक पहुंचते हैं। इसके बाद एंबुलेंस मिलती है। बारिश के दिनों में यह सफर और खतरनाक हो जाता है। रास्ते में एक से डेढ़ फुट तक पानी भर जाता है और कीचड़ में मरीज को सुरक्षित ले जाना किसी परीक्षा से कम नहीं होता।
टोले के बुनेला, शंभू, रामअसरे, छोटेलाल, रामदरश, नगिना, रामअवध, धर्मेंद्र, सुरेश, फूलेना, लालमन, शिवपूजन, पिंटू, विनय, श्रीराम, ध्रुव, सुनील, हरेंद्र, राजन, राजकुमार, संजय और अजय समेत अन्य ग्रामीणों का कहना है कि सड़क नहीं होने से सिर्फ मरीज ही नहीं, बल्कि बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भी रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती है। बरसात में स्कूल जाने वाले बच्चों के कपड़े कीचड़ से सन जाते हैं। बाइक और साइकिल तक निकालना मुश्किल हो जाता है। जरूरी सामान लाने-ले जाने में भी लोगों को अतिरिक्त मेहनत और समय लगाना पड़ता है।
पानी के लिए भी इंतजार
टोले में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लगाया गया इंडिया मार्का हैंडपंप करीब तीन वर्ष से खराब पड़ा है। उसका ऊपरी हिस्सा भी गायब है। ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर सड़क नहीं है तो दूसरी ओर पीने के पानी के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने आइजीआरएस समेत कई माध्यमों से शिकायत की, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।
चुनाव में वादा, फिर वही इंतजार
ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधि टोले में पहुंचकर सड़क बनवाने का आश्वासन देते हैं। चुनाव बीतते ही वादे भी पीछे छूट जाते हैं। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि कई बार ब्लाक स्तर के अधिकारी और सचिव टोले तक नहीं पहुंचते। खुली बैठक की जानकारी भी उन्हें नहीं मिल पाती।
जिम्मेदार बोले
ग्राम प्रधान प्रशासक शेषकांत सिंह ने बताया कि टोले में करीब 30 परिवार रहते हैं और सड़क नहीं होने से लोगों को परेशानी है। नई सड़क के निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है। जल्द ही निर्माण शुरू कराया जाएगा। हैंडपंप की मरम्मत भी करा दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि खुली बैठक की सूचना सभी को दी जाती है।बीडीओ मनोज शर्मा ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था। समस्या को दिखवाया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई कराकर ग्रामीणों की परेशानी दूर कराने का प्रयास किया जाएगा।



