spot_img
spot_img
HomeUttarakhandकाशीपुर में बिना मान्यता संचालित दो मदरसे सील, प्रशासन की कार्रवाई से...

काशीपुर में बिना मान्यता संचालित दो मदरसे सील, प्रशासन की कार्रवाई से मचा हड़कंप

काशीपुर। बिना मान्यता के संचालित हो रहे मदरसों के खिलाफ प्रशासन और पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कटोराताल चौकी क्षेत्र में जांच के दौरान दो मदरसों को सील कर दिया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही। प्रशासन ने दोनों मदरसा प्रबंधकों को चेतावनी दी कि सील किए गए संस्थानों को दोबारा संचालित करने का प्रयास किया गया तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बुधवार को जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी विपिन सिंह कंडारी और काशीपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक हरेन्द्र चौधरी पुलिस बल के साथ क्षेत्र में संचालित मदरसों की जांच के लिए पहुंचे। टीम ने कटोराताल चौकी क्षेत्र में संचालित मदरसा मो. हनीफ सिद्दीकी और कासिफ उल उलूम में जांच की। जांच के दौरान आवश्यक मान्यता नहीं मिलने पर दोनों मदरसों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

तहसीलदार की मौजूदगी में प्रशासनिक टीम ने दोनों मदरसों को सील कर दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद मदरसा प्रबंधक मौ. रफीक और शमीम अहमद को सख्त चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि बिना मान्यता के दोबारा मदरसा संचालित करने की कोशिश की गई तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की ओर से भी व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। कुंडा, आईटीआई और जसपुर थानों से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया था। पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हुई।

एएसपी स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रही। उन्होंने कहा कि बिना मान्यता और निर्धारित नियमों के विपरीत संचालित किए जा रहे संस्थानों के खिलाफ प्रशासन की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Latest Post

Most Popular