spot_img
spot_img
HomeUttarakhandगंगोत्री हाईवे पर बड़ा हादसा, इनोवा कार खाई से नदी में गिरी;...

गंगोत्री हाईवे पर बड़ा हादसा, इनोवा कार खाई से नदी में गिरी; चार लोगों की मौत, सर्च ऑपरेशन जारी

उत्तरकाशी। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास बृहस्पतिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धारा कुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की ओर एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए नदी में जा समाई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। चारों के शव नदी किनारे से बरामद कर लिए गए हैं। वहीं, वाहन में अन्य लोगों के भी सवार होने की आशंका के चलते पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें नदी में सर्च अभियान चला रही हैं। वाहन में सवार यात्री गुजरात के बताए जा रहे हैं।

 

जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार को पुलिस को डेल्टा के माध्यम से सूचना मिली कि गंगनानी के समीप एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई है। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं। मौके पर पहुंची राहत एवं बचाव टीमों ने नदी किनारे और आसपास के क्षेत्र में तलाश शुरू की।

 

रेस्क्यू अभियान के दौरान टीमों को नदी किनारे चार लोगों के शव मिले। इसके बाद शवों को बाहर निकाला गया। हालांकि, हादसे के समय कार में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। अन्य यात्रियों के भी नदी में बहने की आशंका को देखते हुए तलाशी अभियान लगातार जारी है।

 

तेज बहाव और दुर्गम स्थान से रेस्क्यू में चुनौती

 

आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दूल गुसाईं ने बताया कि इनोवा कार के नदी में गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और आपातकालीन सेवा की टीमों को मौके पर भेजा गया। अब तक नदी किनारे से चार शव बरामद किए गए हैं। वाहन में अन्य लोगों के सवार होने की आशंका को देखते हुए सर्च अभियान चलाया जा रहा है। रेस्क्यू पूरा होने के बाद ही मृतकों और लापता लोगों की वास्तविक संख्या स्पष्ट हो सकेगी।

 

उन्होंने बताया कि हादसे का स्थान दुर्गम है और नदी का बहाव तेज होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में चुनौतियां आ रही हैं। टीमों की ओर से घटनास्थल के आसपास नदी के किनारों और संभावित स्थानों पर सघन तलाशी की जा रही है।

 

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

 

फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त वाहन और उसमें सवार यात्रियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद ही हादसे में हताहत और लापता लोगों की वास्तविक संख्या सामने आ सकेगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Latest Post

Most Popular