ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन का सदस्यता अभियान शुरू, तहसीलवार प्रभारी नामित
Gramin Patrakar Association: ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन कुशीनगर इकाई की बैठक रविवार को हनुमान इंटर कॉलेज, पडरौना में जिलाध्यक्ष शैलेश कुमार उपाध्याय की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के नववर्ष सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया गया। इस दौरान संगठन की मजबूती और ग्रामीण पत्रकारों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रदेश उपाध्यक्ष ओम प्रकाश द्विवेदी ने कहा कि वर्तमान समय में ग्रामीण पत्रकारों को अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसी परिस्थितियों में सभी पत्रकारों को एकजुट होकर अपनी समस्याओं का सामना करना चाहिए। संगठन की एकजुटता ही पत्रकारों की ताकत है।
जिलाध्यक्ष शैलेश कुमार उपाध्याय ने नववर्ष सदस्यता अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि आगामी 15 दिसंबर तक सदस्यता अभियान पूरा करना है। इसके लिए सभी तहसीलों में तहसील अध्यक्षों के सहयोग के लिए सदस्यता प्रभारी नामित किए गए हैं।
तहसीलवार सदस्यता प्रभारी नामित
सदस्यता अभियान को गति देने के लिए पडरौना तहसील में चंदन दुबे, खड्डा में नागेंद्र मिश्र, कप्तानगंज में राजीव गुप्ता, हाटा में रणजीत कुमार सिंह, कसया में फैजुल हक तथा तमकुही में कृष्णनंदन प्रसाद खरवार और अंजनी सिंह को सदस्यता प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक को अनुशासन समिति के अध्यक्ष कामाख्या नारायण मिश्र, जिला उपाध्यक्ष मुकेश नाथ तिवारी, जिला महासचिव फैजुल हक, जिला सचिव अविनाश चंद जायसवाल, जिला सदस्यता प्रभारी दुर्गा दयाल तिवारी, पडरौना तहसील अध्यक्ष हरिशंकर चौबे, कसया तहसील अध्यक्ष कृष्णमोहन पांडेय, कप्तानगंज तहसील अध्यक्ष फरेंद्र पांडेय, तमकुही तहसील अध्यक्ष राजकुमार चौबे और खड्डा तहसील अध्यक्ष संजय पाण्डेय ने संबोधित किया। इस दौरान सभी तहसील अध्यक्षों ने भी अपने विचार रखे।
बैठक में ब्लॉक प्रभारी दुदही कृष्णनंदन प्रसाद, रामकोला के राजीव गुप्ता, अशोक सिंह, गोविंद रौनियार, चंदन दुबे सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।



