spot_img
spot_img
HomeUttarakhandदेहरादून में आज वाल्मीकि जयंती शोभायात्रा, घर से निकलने से पहले देख...

देहरादून में आज वाल्मीकि जयंती शोभायात्रा, घर से निकलने से पहले देख लें ट्रैफिक प्लान

देहरादून। वाल्मीकि जयंती के अवसर पर सोमवार को देहरादून में शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके चलते शहर के प्रमुख चौराहों और सड़कों पर यातायात प्रभावित रहेगा। पुलिस ने दोपहर 12 बजे से शाम करीब 6 बजे तक के लिए डायवर्जन प्लान जारी किया है। शोभायात्रा के आगे बढ़ने के साथ ही अलग-अलग मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा। पुलिस ने लोगों से घर से निकलने से पहले यातायात व्यवस्था की जानकारी लेने और जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।

पुलिस के अनुसार, शोभायात्रा नगर निगम कार्यालय से शुरू होकर बुद्धा चौक, दर्शनलाल चौक, घंटाघर, पलटन बाजार, राजा रोड कट, द्रोण कट और दून चौक से होते हुए वापस नगर निगम कार्यालय पहुंचेगी। शोभायात्रा की स्थिति के अनुसार संबंधित मार्गों पर यातायात में बदलाव किया जाएगा।

शोभायात्रा के दौरान कहां बदलेगा ट्रैफिक?

शोभायात्रा नगर निगम कार्यालय से रवाना होने पर तहसील चौक और दून चौक से बुद्धा चौक जाने वाले वाहनों को दर्शनलाल चौक की ओर भेजा जाएगा। शोभायात्रा के बुद्धा चौक पार करने के बाद बुद्धा चौक से दर्शनलाल चौक जाने वाले वाहनों को लैंसडौन चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

शोभायात्रा के दर्शनलाल चौक से आगे बढ़ने पर दर्शनलाल चौक से घंटाघर जाने वाले वाहनों को लैंसडौन चौक से भेजा जाएगा। इसके बाद शोभायात्रा के घंटाघर से पलटन बाजार में प्रवेश करते ही अन्य डायवर्जन स्थलों पर यातायात सामान्य कर दिया जाएगा।

शोभायात्रा के राजा रोड कट पार करने पर प्रिंस चौक से द्रोण कट जाने वाले वाहनों को चंदरनगर कट से भेजा जाएगा। द्रोण कट पार करने के बाद द्रोण कट से दून चौक जाने वाले वाहनों को तहसील चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, शोभायात्रा के दून चौक पार करने पर तहसील चौक से दून चौक जाने वाले वाहनों को दर्शनलाल चौक की ओर भेजा जाएगा।

पुलिस की अपील, वैकल्पिक मार्गों का करें इस्तेमाल

शोभायात्रा के चलते शहर के प्रमुख चौराहों और बाजार क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ने की आशंका है। पुलिस ने लोगों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है। शोभायात्रा के गुजरने के दौरान संबंधित मार्गों पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की भी सलाह दी गई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Latest Post

Most Popular