देहरादून। राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में गृह मंत्री अमित शाह के आयोजित कार्यक्रम को कांग्रेस पार्टी ने फ्लॉप बताया है। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने इसको लेकर भाजपा पर जमकर निशाना साधा। धस्माना ने कहा कि त्योहार के दिन जब मंदी की मार झेल रहे व्यापारी अपना कुछ व्यापार करते, लेकिन भाजपा के कार्यक्रम के कारण उनका पूरे दिन का काम चौपट हो गया। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता 10 साल से भाजपा के कुशासन से परेशान हो चुकी है और अब भाजपा के राज से छुटकारा पाना चाहती है, जिसका नजारा भाजपा के केंद्रीय गृह मंत्री के कार्यक्रम में दिखाई दिया। भाजपा ने इस जनसभा को सफल बनाने को लेकर पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन भाजपा जनसभा में सम्मानजनक भीड़ भी नहीं जुटा सकी।
धस्माना ने कहा कि प्रदेश की जनता अब भाजपा के जुमलों से छुटकारा पाना चाहती है। उन्होंने कहा कि अमित शाह के कार्यक्रम में लोगों के नहीं जुट पाने का सबसे बड़ा कारण अंकिता भंडारी हत्याकांड भी रहा है, जिसके माता-पिता आज भी संपूर्ण न्याय की मांग कर रहे हैं। इस प्रकरण में सामने आए कथित वीआईपी को बचाने के लिए कानूनी संरक्षण दे दिया गया। उन्होंने अमित शाह के उत्तराखंड में हैट्रिक लगाने के ऐलान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा को आने वाले कई वर्षों तक उत्तराखंड से विदाई की तैयारी करनी चाहिए।
कांग्रेस ने एसआईआर को लेकर भी भाजपा पर हमला बोला है। कांग्रेस का कहना है कि जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पूरे देश में वोटों में कथित धांधली का खुलासा किया, लेकिन इस खुलासे का कोई जवाब चुनाव आयोग नहीं दे पा रहा है। अब जबकि इस पूरे मसले पर कोई चुनाव आयोग से सवाल पूछ रहा है तो इसका जवाब भाजपा को देना पड़ रहा है। कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव आयोग को आगे करके कथित रूप से वोटों की धांधली की जा रही है। कांग्रेस का आरोप है कि देशभर में लगभग 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं को वोट डालने के अधिकार से वंचित कर दिया गया। बता दें कि कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा था।



