spot_img
spot_img
HomeUttarakhandपीआरडी जवानों का बढ़ेगा मानदेय, हर ग्राम पंचायत में बनेगा मुख्यमंत्री खेल...

पीआरडी जवानों का बढ़ेगा मानदेय, हर ग्राम पंचायत में बनेगा मुख्यमंत्री खेल क्लब

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पवेलियन ग्राउंड में राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने दौड़ में शामिल युवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवाओं, खिलाड़ियों और पीआरडी जवानों के हित में कई घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों का मानदेय बढ़ाने, प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित करने तथा देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र के पास खाली भूमि पर मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मानदेय वृद्धि के संबंध में जल्द बैठक की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत आयोजित खेल प्रतियोगिताओं की पुरस्कार राशि बढ़ाने और खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 करने की घोषणा की। इनमें पारंपरिक खेलों को भी शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही चैंपियनशिप ट्रॉफी के आयोजन के लिए निर्धारित बजट बढ़ाया जाएगा। प्रतियोगिता के ओवरऑल विजेता जनपद को मिलने वाले मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि पांच लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये की जाएगी। विभिन्न स्तरों पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में भी वृद्धि की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने रियासतों का एकीकरण कर देश की एकता और अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। उन्होंने कहा कि ‘रन फॉर यूनिटी’ जैसे आयोजन राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का माध्यम हैं।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से अनुशासन, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने तथा खेल, योग और नियमित शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की अपील भी की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने जोशीमठ क्षेत्र में हुए हेलीकॉप्टर हादसे पर दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, महापौर सौरभ थपलियाल, विधायक बृजभूषण गैरोला सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Latest Post

Most Popular