देहरादून। बहुचर्चित अंकिता भंडारी केस में अभिनेत्री उर्मिला सनावर नार्को टेस्ट के लिए मान गई हैं, हालांकि कोर्ट में उनकी औपचारिक सहमति अभी बाकी है। उन्हें 3 नवंबर को अदालत में पेश किया जाएगा।
उर्मिला को पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी की तहरीर पर गिरफ्तार किया गया है और वह फिलहाल 14 दिन की न्यायिक हिरासत में हैं। उनकी गिरफ्तारी पर कांग्रेस ने सवाल उठाए थे, जिसके बाद अब पुलिस का बयान सामने आया है।
हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने स्पष्ट किया कि उर्मिला की गिरफ्तारी नार्को टेस्ट से बचाने के लिए नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी रानीपुर कोतवाली में दर्ज मुकदमे के आधार पर हुई है और कोर्ट का आदेश आने पर उन्हें महिला पुलिसकर्मियों के साथ नार्को टेस्ट के लिए भेजा जाएगा।
उर्मिला पर गंभीर धाराओं में केस
एसएसपी ने बताया कि उर्मिला के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है, इसलिए गिरफ्तारी जरूरी थी। नार्को टेस्ट से बचाने के लिए गिरफ्तारी की चर्चाओं को उन्होंने अफवाह बताया। उन्होंने कहा कि नार्को टेस्ट के लिए संबंधित व्यक्ति की लिखित सहमति और कोर्ट का आदेश जरूरी है और इस मामले की जांच दूसरी एजेंसी कर रही है।
बता दें कि 25 अक्टूबर को रानीपुर कोतवाली पुलिस ने उर्मिला को सहारनपुर स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया था। पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी ने आरोप लगाया है कि उर्मिला ब्लैकमेल कर रविदास धाम अपने नाम करने और पांच करोड़ रुपये की मांग कर रही थीं। मांग पूरी न होने पर जान से मारने और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो अपलोड करने की धमकी देने का भी आरोप है।



