spot_img
spot_img
HomeUttar Pradeshतीसरे दिन भी NHM संविदा कर्मियों का धरना जारी, स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित

तीसरे दिन भी NHM संविदा कर्मियों का धरना जारी, स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित

तीसरे दिन भी NHM संविदा कर्मियों का धरना जारी, स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित

NHM: उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) संविदा कर्मचारी संघ के प्रादेशिक आह्वान पर चल रहा चरणबद्ध आंदोलन शुक्रवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। जनपद के एनएचएम संविदा कर्मियों ने पूर्ण कार्य बहिष्कार करते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन समेत अपनी प्रमुख मांगों को पूरा करने की मांग उठाई।

धरना स्थल पर पहुंचे कलेक्ट्रेट मिनिस्ट्रियल संघ के प्रदेश संप्रेक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने आंदोलन को समर्थन देते हुए कर्मचारियों की मांगों को जायज बताया। उन्होंने आगामी 12 अक्टूबर को लखनऊ में होने वाले महाआंदोलन में यथासंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।

आपातकालीन सेवाओं को छोड़ अन्य स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित

एनएचएम संविदा कर्मियों के कार्य बहिष्कार के कारण जिले के विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला संयुक्त चिकित्सालय और टीबी अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं। संघ के अनुसार, आकस्मिक सेवाओं को छोड़कर टीकाकरण, ओपीडी, पैथोलॉजी जांच, एनसीडी, आरबीएसके तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों से जुड़ी सेवाएं बाधित हुईं।

12 अक्टूबर से लखनऊ में होगा अनिश्चितकालीन आंदोलन

संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि आंदोलन के पहले और दूसरे चरण में कर्मचारियों ने काला फीता बांधकर काम करते हुए मौन विरोध दर्ज कराया था। इसके बावजूद शासन स्तर से कोई सकारात्मक आश्वासन नहीं मिलने के कारण आंदोलन को और तेज करने का निर्णय लिया गया है। अब 12 अक्टूबर से लखनऊ के इको गार्डन में अनिश्चितकालीन ‘घेरा डालो-डेरा डालो’ आंदोलन शुरू किया जाएगा।

संघ के जिलाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार पाण्डेय ने कहा कि संविदा कर्मचारी पिछले 15 से 18 वर्षों से अल्प मानदेय पर स्वास्थ्य विभाग की सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कोरोना जैसी वैश्विक महामारी के दौरान भी कर्मचारियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर सेवाएं दीं। इसके बावजूद नियमितीकरण और समान कार्य-समान वेतन जैसी मांगों पर सरकार की ओर से सकारात्मक पहल नहीं की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

20 सदस्यीय एडवाइजरी बोर्ड में चंद्रशेखर यादव नामित

आंदोलन के बीच संघ की स्टेट कमेटी ने गोरखपुर मंडल अध्यक्ष एवं जिला संरक्षक चंद्रशेखर यादव ‘लड्डू’ को आंदोलन के लिए गठित 20 सदस्यीय एडवाइजरी बोर्ड में नामित किया है। इस पर धरना स्थल पर मौजूद कर्मचारियों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।

विभिन्न केंद्रों के सैकड़ों कर्मचारी धरने में शामिल

शुक्रवार को हुए धरना-प्रदर्शन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाटा, फाजिलनगर, सुकरौली, सेवरही, रामकोला, खड्डा, कुबेरस्थान, मोतीचक, दुदही, नेबुआ नौरंगिया, विशुनपुरा, कप्तानगंज, तमकुहीराज और कसया सहित विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों के कर्मचारी शामिल हुए। मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय, जिला संयुक्त चिकित्सालय और अन्य संवर्गों के सैकड़ों कर्मचारियों ने भी कार्य बहिष्कार कर आंदोलन में भाग लिया।

धरने को जिलामंत्री राजू यादव, जिला उपाध्यक्ष डॉ. एसके सिंह, डॉ. मनोज राय, संजीव जायसवाल, निशिकांत सिंह, विनोद कुमार, सूर्य राम वर्मा, डॉ. सीमा आफताब, डॉ. पूनम यादव, डॉ. आरके कुशवाहा, लेखाकार कमल शंकर पाण्डेय और विनोद मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया।

विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने दिया समर्थन

एनएचएम संविदा कर्मचारी संघ के आंदोलन को कई कर्मचारी संगठनों ने भी समर्थन दिया। कलेक्ट्रेट मिनिस्ट्रियल संघ के जिलाध्यक्ष विनोद पासवान, डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष नवीन कुमार श्रीवास्तव, डिप्लोमा लैब टेक्नीशियन संघ के जिलाध्यक्ष अश्वत्थामा मिश्रा, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष प्रभुनंद उपाध्याय, बेसिक हेल्थ वर्कर संघ के जिलाध्यक्ष ध्रुव शर्मा और महिला कार्यकत्री एएनएम संघ की जिलाध्यक्ष ममता मिश्रा ने समर्थन पत्र सौंपा।

इन संगठनों के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की मांगों को जायज बताते हुए आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। संविदा कर्मियों ने भी मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Latest Post

Most Popular